नई दिल्ली: भारत में इस साल होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इस बार के टूर्नामेंट का कार्यक्रम को लेकर फैंस काफी उत्सुक हैं। सबको यह जानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप मुकाबला कब होना है। खबर सामने आई है कि विश्वकप का कार्यक्रम लंदन में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के दौरान घोषित किया जा सकता है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने शनिवार को बोर्ड की विशेष आम बैठक (एसजीएम) के बाद यह जानकारी दी। जय शाह ने कहा, "आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 के मैच स्थलों की घोषणा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान संवाददाता सम्मेलन में की जाएगी। टूर्नामेंट का संपूर्ण कार्यक्रम भी जारी किया जाएगा।'"
बीसीसीआई के सचिव ने हाल ही में घोषणा की है कि प्रशंसकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, वर्तमान में 15 स्टेडियमों का चयन किया गया है, जिनमें बाद में और स्टेडियम जोड़े जाएंगे। इस कार्य की जिम्मेदारी ग्रांट थॉर्नटन को सौंपी गई है। शाह ने कहा, "आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के मैच स्थलों के मामले में, प्रत्येक पदाधिकारी प्रत्येक मैच स्थल के लिए जिम्मेदार होगा। हम टूर्नामेंट के मैच स्थल के रूप में सभी महानगरों को देख रहे हैं।"
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के संबंध में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के विवाद को पहले ही सुलझा चुका है। हाल ही में खबर आई थी कि पीसीबी ने भारत में खेलने के मामले में आईसीसी से सहमति भरी है। इससे पहले पाकिस्तान ने भारत की ओर से आयोजित एशिया कप के खेलने से इनकार करने के बाद वनडे वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने की बात रखी थी।